+91-11-41631787
कविता में गीता
Select any Chapter from
     
शरीर व आत्मा विभाग योग
ISBN: 81-901611-05

 शरीर व आत्मा विभाग योग


शरीर
और
आत्मा
परस्पर अत्यन्त विलक्षण |
शरीर-जड़-विकारी-क्षणिक-नाशवान,
आत्मा-चेतन-निर्विकार-नित्य
अविनाशी और ज्ञानवान |'

'शरीर दृश्य है,
प्रतिक्षण इसका क्षय होता है |
आत्मा दृष्टि है |
मन-बुद्धि-इन्द्रिय के विषयों क ज्ञाता है |
तत्व ज्ञानी इस आत्म तत्व को जानते
हैं,
वे शरीर को इससे विलग मानते हैं |' 'हे अर्जुन!
आत्मा-परमात्मा में भेद न मान,
आत्मा को तू मेरा ही अंश मान |
इस शरीर को हर कोई जान सकता,
यह उत्पन्न होता, नष्ट होता,
अनित्य और क्षणिक है |
जबकि आत्मा अत्यन्त विलक्षण,
नित्य-निर्विकार-शुद्ध व चेतन,


यह रुप नहीं बदलता |
अज्ञान ही एकत्व का बोध कराता |'

'आत्मतत्व को पहचान,
यह विलक्षणता ही
है वास्तविक ज्ञान |
यह मत मेरा मान |
आत्मा को शरीर से
सदैव विलग मान |'

'यह शरीर क्या है?
कैसा है ?
किन विकारों वाला है?
और
इस आत्मा के क्या हैं लक्षण?
कैसा प्रभाव?
यह भेद तुझे समझाता हूं |
पूर्ण ज्ञान से संसार भ्रम का नाश
हो जाएगा |
तुझे परमात्मा प्राप्ति का मार्ग
और स्पष्ट नजर आएगा |'

'मन्त्रों के दृष्टा,
शास्त्र-स्मृतियों के रचियता,
समस्त ऋषियों ने,
पुराण-ग्रन्थों में,
वेदमन्त्रों में,
क्षेत्र-क्षेत्रज्ञ के तत्व की
विविध रुप से व्याख्या की है |
यह निश्चित भाव तुझे
मैं युक्तिपूर्वक
संक्षेप में सुनाता हूं |'

'पृथ्वी-जल-अग्नि-वायु और
आकाश,
इन पांच महाभूतों,
अहंभाव,
बुद्धि,
मूल प्रकृति,
और
वाक-हाथ-पैर-अपस्थ-गुदा,
और
श्रोत्र-त्वचा-चक्षु-रसना-ध्राण
इन दस इन्द्रियों,
और एक मन
और इन्द्रियों के पांचों विषय
यानि
शब्द-स्पर्श-रुप-रस-गन्ध
तथा
इच्छा-द्वेष-सुख-दु:ख,
स्थूल शरीर का पिण्ड,
चेतना और
धारण शक्ति,
यही इस शरीर के समस्त विकार,
और
यही संक्षेप में इस शरीर का वर्णन |'

'अब ज्ञान तत्व को जान,
ज्ञान पाने का सधन जान |
स्वयं को श्रेष्ठ समझना,
पूज्य मानना,
मान-प्रतिष्ठा-पूजा की इच्छा करना,
यह मानित्व कहलाता |'

'इस श्रेष्ठता के अभिमान का अभाव,
जिसे इस भाव की अपेक्षा न रहे,
विरक्त हो जाए जो ऐसी आशा से
वह ज्ञान का योग पाए |'

'मान-प्रतिष्ठा-पूजा या
धन लोभ से
जो स्वयं को
धर्मात्मा-दानशील-ईश्वर भक्त-ज्ञानी
कह कर विख्यात करे,
धर्मपालन, भक्ति, योगसाधन,
व्रत-उपवास का ढोंग कर
प्रचार करे,
वह पुरुष दम्भी कहलाए |'

'जो अपने, ईश्वरीय तत्व के
भावों से
ज्ञान का प्रचार करे,
अपने ज्ञान की बीन न बजाए
वह इस दम्भाचरण से विरक्त हुआ
ज्ञानी कहलाए |
जो किसी भी प्राणी को
मन-वणी या शरीर से
कष्ट न दे,
मन से बुरा न चाहे,
कठोर वचन न कहे,
निन्दा-स्तुति न करे,
वह प्राणी अहिंसा का योगी,
सदा-सर्वदा
द्वेष-वैर से दूर रहे,
ऐसे की संगत पाकर
हिंसक प्राणी भी वैर भाव से
दूर हो जाए |
ऐसा मन ज्ञानवान ही पाए |'

'अपराधी को
दण्ड देने का भाव
मन में न रखे जो,
बस अपराधों से
प्राणी को मुक्त कराने
का ध्येय हो जिसका,
वह क्षमा भाव युक्त ज्ञानी
ज्ञान सिद्ध हो जाए |'

'साधक जो सरल-चित व्यावहार करे,
दांव-पेच-कपट-कुटिला का स्वयं में
अभाव कर पाए,
सहज-सरल-शांत चित्त प्राणी
मन-वाणी से निर्मल हो जाए |'

'विद्या-उपदेश ग्रहण कर
श्रद्धा से,
भक्ति से
गुरु का आदर करे |
वह गुरु भक्त सहज
ज्ञान का सधन पा जाए |'

'सत्यतापूर्वक शुद्धा व्यवहार से
द्रव्य की शुद्धि होती है |
ऐसे द्रव्य से ही बने अन्न से
आहार की शुद्धि होती होती है |
यथायोग्य शुद्ध व्यवहार से
आचरण की शुद्धि होती है |
जल व मिट्टी से
शरीर की शुद्धि होती है |
यह सब बाहर की शुद्धि है |'

'भीतर अन्त:करण से
छल-कपट
राग-द्वेष से रहित होकर
स्वच्छ मन ध्यान लगाना,
भीतर की शुद्धि कहलाता |'

'यह भीतर-बाहर की शुद्धि
प्राणी को ज्ञान भाव ही करवाता |
कष्ट-विपत्ति,
भय-दु:ख आ जाने पर भी
जो प्राणी न होता विचलित |
भय-लोभ-काम-क्रोध के
वश में होकर,
जो कर्तव्य कर्म से कभी न डिगता
उसका अन्त:करण स्थिर होता |
वह ज्ञान का ही भाव होता |'

'जो मन-इन्द्रियों को वश में
कर लेता,
वह विषय-विकारों में नहीं फंसता,
मन उसके अनुकूल कर्म में
लग जात,
उसका आज्ञाकारी बन जाता |'

'इस लोक-परलोक के
शब्द-स्पर्श-रुप-रस-गन्ध रुप
सब विषय पदार्थो
से जब प्राणी आसक्ति का अभाव
कर पाता,
देहाभिमान का सर्वथा अभाव कर पाता |'

'जन्म-मृत्यु
जरा-रोग सब दु:खदायी |
इसे सहज भाव में स्मरण कर जो
वैराग्य भाव उपस्थित रखे,
पुत्र-स्त्री, घर-धन में
आसक्ति का अभाव करे जो,
ममता का अभाव करे जो,
प्रिय-अप्रिय की प्राप्ति में सम रहे,
वह ज्ञान भाव से युक्त रहे |'

'ईश्वर से जो अनन्य भक्ति भाव रखे |
स्वार्थ-अभिमान-ममत्व का भाव न हो
भक्ति में,
ईश्वर का भाव सदा मन से रहे |
निर्मल-पवित्र-एकान्त भाव में,
वुयर्थ
व्यर्थ के शोर से
दूर रहे |
प्रमाद और विषयासक्त
पुरुषों से
विरक्ति भाव रखे,
आध्यात्म ज्ञान में
मन स्थापित करे
और
तत्व ज्ञान का
अर्थ
ईश्वर का रुप ही माने,
वह ज्ञानवान कहलाए |'

'वही ज्ञान की राह
जाने,
वही ईश्वर का भाव
समझ पाए |
इसके विपरीत सभी
अज्ञान रुप अन्धकारमयी हो |'

'अब ज्ञान से जानने योग्य
परमात्मा का स्वरुप समझ |
परब्रह्म परमात्मा के ज्ञान से
मनुष्य इस जन्म-मरण के बन्धन से,
इस संसार बन्धन से मुक्त हो जाता |
वह परम पद पाकर
परब्रह्म में लीन हो जाता |'

'प्रकृति यह सारी
और जीवात्मा यह अनादि है |
इसका स्वामी परब्रह्म पुरुषोत्तम
अनादि वाला |
प्रमाणों से सिद्ध जो हो सकता
वही 'सत्' कहलाता |
परमात्मा ही प्रमाण को सिद्ध करता,
वह इस 'सत्' सिद्धि से विलक्षन होता |'

'जिस वस्तु का अस्तित्व नहीं
वही 'असत्' कहलाती |
'वह' अवश्य है और वह है
तभी सबका होना सिद्ध होता |
ऐसे में परमात्मा इस 'सत्'
'असत्' के निरुपण से तटस्थ रहता |
वह सत् होकर भी सत् से तटस्थ रहता |'

'परब्रह्म परमात्मा
समग्र भाव युक्त होकर भी
अति सूक्ष्म भाव में रहता |
समग्र सृष्टि में हाथ-पैर फैलाए,
सब ओर नेत्र-सिर-मुख धारण किए,
सम्पूर्ण ब्रह्माण्ड है उसका ध्वनि क्षेत्र |'

'यह ज्ञेय स्वरुप परमात्मा
समस्त जगत का कारण,
सब कुछ व्याप्त है इसमें |
स्थित है जड़ में,
चेतन में,
तभी सब व्याप्त है उसमें
तभी सब परिपूर्ण है |'

'वह समग्र भाव युक्त
सब इन्द्रियों के विषयों को
जानकर भी
मन-विषयों से विरक्त रहता |
वह आसक्ति रहित होकर
सब का भरण-पोषण करता |
बिना ही करण हित करता |'

'प्रकृति से सम्बन्ध है
तभी समस्त गुणों का
भोक्ता दिखता,
पर वह लिप्त नहीं होता |'

'वह आलौकिक
निर्गुण भाव लिए रहता |
समस्त जगत में,
समस्त प्राणियों में
बाहर-भीतर
वह ज्ञेय स्वरुप परमात्मा है व्याप्त |'

चर में वही,
अचर में वही |
समुद्र में जैसे जल,
जल में पड़ी बर्फ,
बाहर भी जल
भीतर बर्फ के जल |
अन्दर जल,
बाहर जल,
चारों ओर जल ही जल |

ज्ञेय का स्वरुप जानकर भी
जान नहीं पाते प्राणी,
अति समीप वही,
अति दूर वही स्थित लगता |

अति सूक्ष्म भाव युक्त
वह जानने में नहीं आता |
श्रद्धा से वह मन में स्थित होता |
श्रद्धा नहीं तो दूर-दूर तक नहीं दिखता |

एक नहीं
अनेकता दिखती,
आत्मा नए-नए रुप में दिखती |

सम्पूर्ण जगत एक सूत्र में बंधा,
हर प्राणी का भिन्न रुप रचा |

ब्रह्मा रुप से जग को रचता |
विष्णु रुप से पालन करता |
रुद्र रुप से करे संहार |
ब्रह्मां यही, विष्णु भी यही
शिव का रुप है यह संसार |

देखो! देखो! रुप अनेक,
ईश्वर के नित नये स्वरुप |
ब्रह्मं एक है फिर भी मेरा,
वही सर्वत्र, वही अनेकों का एक |

उसे सूर्य प्रकाशित न करता,
न चन्द्र रोशनी देता है |
तारों की भी ज्योति नहीं
विद्युत भी प्रकाश न दे
अग्नि की फिर बात है क्या!

वह तो सूर्य का तेज स्वयं है,
अग्नि-चन्द्र में स्वयं स्थित है |
जो सबको ही ज्योति देता,
वह स्वयं प्रकाश-पुन्ज
तम-अज्ञान
नहीं टिक सकते,
वे उन सबसे परे है |

इस ज्ञेय को जानो
और पहचानो,
यह चेतन
यह बोधमयी है |

ईश्वर मेरा
परम कर्तव्य,
यही जानने योग्य भाव है |
अभ्यास भाव से
जुटे रहो
ज्ञान के सब साधन अपनाओ,
तत्व ज्ञान से यह मिल सकता |
तत्व ज्ञान का योग पाओ,
तत्व ज्ञान से ईश्वर पा जाओ |

मन में ईश्वर
स्थित है सबके |
पलक झपकते
वह प्रत्यक्ष है दिखता |
ईश्वर यूं तो कण-कन में दिखता,
प्रेम से देखो
प्रत्यक्ष खड़ा है |
कभी बांसुरी बजाता,
कभी प्रेम रस देता
मन में सबके वही मुस्काता |
मन में सबके रस बरसाता |
प्रेम से मन में वही खड़ा है |

यही भाव हैं इस शरीर के,
यही ज्ञान है
यही विज्ञान |
ईश्वर का स्वरुप समझ ले,
मेरी भक्ति से शक्ति पा ले,
ईश्वर के तू तत्व को जान |

'देख! तू मुझको
स्वयं पा लेगा |
देख! तू मेरा स्वरुप बनेगा |'

'हे पार्थ!
इस महाब्रह्म को अनादि जान |
जीव का जीवन अनादि सिद्ध है |'

'राग-द्वेष
मोह-माया-दम्भ,
सत्-रज-तम
त्रिगुणात्मक भाव,
सभी प्रकत है
प्रकृति से |
अग्नि-आकाश-वायु-जल-पृथ्वी,
शब्द-रुप-स्पर्श-रस-गन्ध
ये सब तत्व प्रकृति जनित है |'

'दसों इन्द्रियां, बुद्धि-अहम्
और चंचल मन,
सभी भाव प्रकृति से उत्पन्न |
मानव यह तो निमित्त बना है,
सुख-दु:ख के भाव को दर्शाए |
प्रकृति में वह स्थित हुआ,
प्रकृति जनित भावों को भोगे |'

'सत्-रज-तम का
अनादि-सिद्ध सम्बन्ध,
जैसी जिसकी प्रबल भावना,
जैसा जिसका आसक्ति से
सम्बन्ध,
वैसे भाव हो,
वैसा ही जन्म |'

'जड़ सरीर में चेतनता लाए,
देह में स्थित जब आत्मा हो जाए |
इसे प्रभु का अंश ही मानो |
यही प्रकृति में जीवन लाए |
विलग नहीं हो सकती जानो
आत्मा उस परमात्मा से |
यही साक्षी, यही यथार्थ,
यही अनुमन्ता, यही है भर्ता |'

यही भोगता जीव रुप में,
यही ब्रह्मा की स्वामी ईश्वर,
यही महेश्वर, यही गुणातीत,
शुद्ध सच्चिदानन्दन ब्रह्म यही है |
यही मेरे मन में स्थित आत्मा है,
यही परब्रह्म परमात्मा है |

'यह आत्मा विलक्षण,
परमात्मा विलक्षण है |
शुद्ध बुद्धि और
सूक्ष्म ध्यान से,
स्थित हृदय दिखे
योगी को ध्यान से |
यह ज्ञान भाव से
मिलता ज्ञानी को
कर्म भाव से |
कर्म योगी को |
शुद्ध भाव से मिले सभी को |'

'सरल भाव से
सरल उपाय |
ईश्वर सरल है
सरल स्वरुप |
मन्द बुद्धि हो,
भाव न समझे जो |
तत्व ज्ञान का ज्ञान न हो |
शरण ज्ञानी के
जाकर जो,
ईश उपासना की चेष्टा करे,
ईश भाव मन में रखे,
प्रेम से 'उसका' श्रवण करे |
वह भी सरल भाव से
'उसे' प्राप्त हो |
भव-सागर से
तर जाए वो |
ईश्वर उसे भी मिल जाए |'

'हे अर्जुन!
यह चराचर प्राणी लेता
शरीर आत्मा के
संयोग से जन्म |
ज्ञानी पुरुष
विनाशशील माने इस शरीर को |
आत्मा का धर्म नित्य-अविनाशी माने |
वह ईश्वर को नाश रहित-चेतन
और
समभाव युक्त माने,
वह इस जीवन के यथार्थ को पहचाने |'

'प्राणी जो समभाव रखे,
अभिन्न माने आत्मा को परमात्मा से |
स्थूल शरीर से विलग माने स्वयं को,
अभिन्न भाव से मिल जाए परमात्मा से |
वह विनाश न पाए, वह परम गति ही पाए |'

'आत्मा में
कर्तापन का अभाव करे जो |
इन्द्रियों को इन्द्रियों के
विषय बरतते माने,
गुणों को गुणों में
बरतता माने,
गुणों द्वारा समस्त
कर्म होते माने,
प्रकृति ही कर्मो को
जन्म देती,
प्रकृति ही स्वयं कर्म
करती |
यह आत्मा अकर्ती है |
यह शुद्ध-मुक्त
नित्य-विकार रहित,
यही जीवन का
यथार्थ है
यही भाव को वह
यथार्थ मानता |
जिस क्षण अहम् भाव
समझ आ जाता,
जिस क्षण एकीभाव समझ आ जाता |
जैसे ही समभाव स्थापित होता,
मन में आत्मभाव जाग्रत हो उठता |'

'परमात्मा एक,
पृथक-पृथक स्थित प्राणियों में
आत्मा भी पृथक नहीं,
वही एक है,
उसी एकता से ही अनेकता होती है,
वही एक ब्रह्म है |
वह क्षन बहुत विलक्षण होता |
प्राणी ब्रह्म को पा लेता,
वह ब्रह्म भाव ही हो जाता |'

'हे अर्जुन!
शरीर में स्थित यह परमात्मा
अनादि है,
यह सदा ही व्याप्त है,
प्रकृति और गुणों से जो परे है |
यह निर्गुन रुप
वास्तव में विरक्त है |
कहीं लिप्त नहीं, निर्लिप्त है |'

'जैसे आकाश व्याप्त है
सर्वत्र वायु-अग्नि-जल-पृथ्वी में,
समभाव युक्त होकर भी
गुण-दोषों में
लिप्त नहीं होता |
वैसे ही यह आत्मा है |
सर्वत्र स्थित है,
अति सूक्ष्म भाव में,
पर मन-बुद्धि-इन्द्रिय-शरीर के
गुण-दोषों से लिप्त नहीं |'

'हे अर्जुन!
एक ही सूर्य
इस ब्रह्माण्ड को प्रकाशित किए है,
उसी तरह यह एक विलक्षण आत्मा
इस समस्त जड़ वर्ग को प्रकाशित
किए है |
यही सबको सत्ता-स्फूर्ति देती है |
भिन्न-भिन्न भाव में प्रकत होती है |'

'हे अर्जुन!
इस शरीर को
इस आत्मा को
इनके भेद को
इनके विलक्षण भाव को,
जो पुरुष
ज्ञान-नेत्र से
तत्व भाव से
जान लेता |
जो इस आत्मा को
चेतन, निर्विकार,
अकर्ता-नित्य
अविनाशी-ज्ञान स्वरुप
मान लेता,
वह महात्मा बन जाता,
वह परम ब्रह्म
परमात्मा को प्राप्त होता |'